जिले में पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान तेज, लोगों से सहयोग की अपील

 


सहरसा, 16 अप्रैल (हि.स.)।

भारत ज्ञान मिशन के अंतर्गत सहरसा जिले में पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान को गति प्रदान की जा रही है। जिला प्रशासन की टीम द्वारा लगातार विभिन्न गांवों का भ्रमण कर प्राचीन पांडुलिपियों की खोज एवं दस्तावेजीकरण का कार्य किया जा रहा है।

इसी क्रम में बनगांव स्थित बाबा जी कुटी में लक्ष्मीनाथ गोसाईं द्वारा लिखित महत्वपूर्ण पांडुलिपि प्राप्त हुई है, जो क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का एक महत्वपूर्ण प्रमाण है। वहीं महिषी क्षेत्र में आनंद दत्त झा, जवाहर ठाकुर एवं सुमन समाज के पास से भी पांडुलिपियां प्राप्त की गई हैं तथा जिला प्रशासन की टीम द्वारा उनके आवास पर जाकर विस्तृत सर्वेक्षण कार्य किया गया।

जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि यदि उनके आसपास या जानकारी में कहीं भी पुरानी पांडुलिपियां सुरक्षित हैं, तो वे निःसंकोच इसकी सूचना दें। प्रशासन यह स्पष्ट करता है कि पांडुलिपियों को किसी से लिया नहीं जाएगा, बल्कि केवल उनका डिजिटलाइजेशन कर सुरक्षित किया जाएगा और पुनः संबंधित व्यक्ति को लौटा दिया जाएगा।प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न केवल हमारी अमूल्य धरोहर सुरक्षित होगी, बल्कि डिजिटल माध्यम से यह पांडुलिपियां आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव जीवित और सुलभ रह सकेंगी।जिला प्रशासन की टीम द्वारा लोगों को जागरूक करने एवं इस अभियान से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार