पंचायत विकास दिवस पर पंचायत सरकार भवनों में सुना गया मन की बात
किशनगंज, 28 जून (हि.स.)। पंचायत विकास दिवस के अवसर पर रविवार को ठाकुरगंज प्रखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान पंचायत सरकार भवन बरचौंदी, तातपौआ एवं भोलमारा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात का सामूहिक प्रसारण किया गया।
स्थानीय नागरिकों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्वक सुना।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायतों की विकास योजनाओं, आगामी कार्यों, प्राप्त एवं व्यय राशि के विवरण तथा अवशेष राशि की जानकारी साझा की गई।
इस माह की थीम महिला हितैषी ग्राम पंचायत पर विशेष चर्चा हुई। साथ ही उत्कृष्ट पंचायतों के विकास कार्यों का वीडियो प्रदर्शन भी किया गया। वक्ताओं ने पंचायतों में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को मजबूत बनाने पर बल दिया।
ठाकुरगंज के प्रखंड विकास पदाधिकारी अहमर अब्दाली ने उपस्थित लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
तातपौआ पंचायत सरकार भवन में मुखिया, मुखिया प्रतिनिधि रसमुद्दीन फैज, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि बिनदेस राय, पंचायत कर्मी एवं अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
वहीं भोलमारा पंचायत में मुखिया जुनैद आलम, उपमुखिया सलीम आलम, पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि आदित्य कुमार गणेश, जेई रंजीत कुमार, पंचायत कर्मी मिनहाज आलम, ओमप्रकाश, सुधाकर दास, प्रलाद, इंतखाब सहित वार्ड सदस्य एवं ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
बरचौंदी पंचायत सरकार भवन में मुखिया, जदयू प्रखंड अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह, पंचायत कर्मी, वार्ड सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह