मनिहारी मुख्य पार्षद लाखो यादव पर थाने में हंगामा व दुष्प्रचार का केस दर्ज
कटिहार, 14 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के मनिहारी नगर पंचायत के मुख्य पार्षद राजेश कुमार यादव उर्फ लाखो यादव और उनके सहयोगियों के विरुद्ध मनिहारी थाना में प्रवेश कर हंगामा करने, पुलिस पर अवैध वसूली का झूठा आरोप लगाने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह कानूनी कार्रवाई थाने में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) इमाम हसन के लिखित प्रतिवेदन के आधार पर की गई है।
प्राथमिकी के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3:05 बजे एसआई इमाम हसन द्वितीय ओडी ड्यूटी पर तैनात होकर सरकारी कार्य कर रहे थे। इसी दौरान मुख्य पार्षद राजेश कुमार यादव अपनी निजी चार चक्का गाड़ी से सहयोगी कुंदन यादव और अन्य लोगों के साथ थाना पहुंचे और अपने वाहन को ओडी पदाधिकारी के कार्यस्थल के ठीक सामने खड़ा कर दिया।
आरोप है कि मुख्य पार्षद व उनके सहयोगियों ने बासुकी यादव के विरुद्ध अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए पुलिस प्रशासन पर रंगदारी वसूली का मनगढ़ंत आरोप लगाया और गाली-गलौज की। उन्होंने बाबा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड की दो पार्किंग रसीदें दिखाते हुए कहा कि वे इसे कर्मी से बलपूर्वक छीनकर लाए हैं। इसके बाद सहयोगियों से थाना परिसर में ही वीडियोग्राफी कराकर फेसबुक व अन्य संचार माध्यमों पर पुलिस की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से दुष्प्रचारित किया गया। थाना परिसर में घटित यह पूरा घटनाक्रम वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गया है।
मामले को लेकर मनिहारी थाना में कांड संख्या 486/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 217, 356, 132, 303(2), 352, 351(2) और 3(5) लगाई गई है। पुलिस ने मामले की विधिवत जांच शुरू कर दी है और कांड के अनुसंधान का प्रभार एसआई असित कुमार चौधरी को सौंपा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह