हिन्दू नवजागरण मंच ने किया मंगल मिलन का आयोजन

 


पूर्वी चंपारण,14 अप्रैल (हि.स.)। हिंदू नवजागरण मंच के तत्वावधान में नगर मंगल मिलन का आयोजन नरसिंह बाबा मंदिर परिसर में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान चालीसा के सामुहिक पाठ एवं समापन हिंदू जगेगा विश्व जगेगा के मंगल गान से हुआ।

समारोह में धर्म , स्वास्थ्य, समाज एवं संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की गई। धर्म चर्चा में मंच के संरक्षक पं अरविंद मिश्रा ने कहा कि हिंदू जागरण का अर्थ हिंदू संस्कारों का दैनंदिन व्यवहारों में प्रकटीकरण से है। स्वास्थ्य चर्चा में बेल के औषधीय गुणों पर चर्चा हुई। सामाजिक सत्र में स्वालंबन विषयक चर्चा के अंतर्गत स्वरोजगार के विभिन्न आयामों पर चर्चा की गई।

संगठन सत्र में जिला मुख्य कार्यकारी दिनेश कुमार ने कहा कि मंगल मिलन एक सामाजिक मिलन है जहां समाज के मंगल के लिए व्यक्तिगत पारिवारिक एवं सामाजिक उत्थान पर चर्चा एवं उसे व्यवहारिक रूप देने के लिए समाज को प्रोत्साहित किया जाता है।

कार्यक्रम में रामेश्वर यादव, चंद्रिका सिंह, अमित कुमार , राममनोहर, ओमप्रकाश सिंह, राजन मिश्रा, अरविन्द जायसवाल, डॉ मणी कांत त्रिपाठी आदि ने अपने विचार रखें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार