करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत

 


भागलपुर, 06 जून (हि.स.)। जिले के सबौर थाना क्षेत्र स्थित रामनगर ममलखा गांव में शनिवार को करंट लगने से पांच बच्चों के पिता की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान महेंद्र मंडल के 40 वर्षीय पुत्र सोनू मंडल के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि मकई का बोझा ले जाने के दौरान घर के पास से गुजर रहा बिजली का तार टूट गया था। जिससे घर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और चारों ओर अंधेरा छा गया। इसी दौरान सोनू मंडल टूटे हुए बिजली तार को जोड़ने का प्रयास कर रहे थे। तभी अचानक वह करंट की चपेट में आ गए और जोरदार झटका लगने से जमीन पर गिर पड़े। गिरने के कारण उनके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें भी आईं।

घटना के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल मायागंज लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर बरारी पुलिस कैंप की टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

मृतक के पिता महेंद्र मंडल ने बताया कि सोनू मंडल परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके पांच छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनमें चार बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। बेटे की असमय मौत के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर