कटिहार रेलवे स्टेशन पर ‘मखाना जंक्शन’ का शुभारंभ, स्थानीय किसानों को मिलेगा बड़ा बाजार
‘एक स्टेशन, एक उत्पाद’ योजना के तहत डीएम और डीआरएम ने संयुक्त रूप से किया उद्घाटन; यात्रियों को मिलेंगे मखाना से बने लजीज व पौष्टिक व्यंजन
कटिहार, 23 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के प्रसिद्ध मखाना उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को कटिहार रेलवे स्टेशन पर ‘मखाना जंक्शन’ स्टॉल का शुभारंभ किया गया। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की ‘एक स्टेशन, एक उत्पाद’ योजना के अंतर्गत स्थापित इस स्टॉल का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी एवं मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। जिला प्रशासन एवं जिला कृषि विभाग की इस संयुक्त पहल से स्टेशन से गुजरने वाले देश भर के यात्रियों को अब कटिहार का मखाना और उससे बने प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि यह पहल स्वस्थ खानपान, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन तथा किसान समृद्धि के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक ठोस कदम है। रेलवे स्टेशन जैसे व्यस्त सार्वजनिक स्थल पर स्टॉल खुलने से स्थानीय कृषि उत्पादों के विपणन को मजबूती मिलेगी और जिले की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति प्राप्त होगी।
रेलवे स्टेशन स्थित ‘मखाना जंक्शन’ स्टॉल पर यात्रियों के लिए रोस्टेड (भुना) मखाना, पेरी-पेरी मखाना, चीज एवं चटपटा मखाना, कैरेमल मखाना सहित पारंपरिक मखाना बर्फी, मखाना ठेकुआ, मखाना लड्डू और खीर मिक्स जैसे विभिन्न प्रकार के मूल्य संवर्धित उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध कराए गए हैं।
जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि विभाग की प्राथमिकता जिले के विशिष्ट कृषि उत्पादों को सीधा बाजार मुहैया कराना है, ताकि बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो और मखाना उत्पादक किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके। इस आउटलेट के शुरू होने से जिले में मखाना प्रसंस्करण, पैकेजिंग और स्थानीय उद्यमिता से जुड़े युवाओं व स्वयं सहायता समूहों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह