वीबी-जी रैम जी योजना में बड़ा घपला,एक ही तालाब पर तीन योजनाओं से लाखों का भुगतान
नवादा, 27 अप्रैल (हि.स.)। जिले में सिरदला प्रखंड के चौबे ग्राम पंचायत अंतर्गत पड़िया गांव में विकसित भारत-रोज़गार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) गारंटी (वीबी-जी रैम जी) योजना में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी के गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों के अनुसार एक ही स्थान पर बने एक ही तालाब को अलग-अलग नामों और अलग-अलग वित्तीय वर्ष में तीन अलग-अलग योजनाओं के तहत दर्शाकर सरकारी राशि की निकासी की गई है।
जानकारी के अनुसार, पहला कार्य बासदेव प्रसाद की निजी जमीन पर तालाब निर्माण के नाम पर वर्क कोड 0508003014 IF/20802202 के तहत संचालित दिखाया गया है। वहीं दूसरा तालाब निर्माण कार्य चंचला देवी के नाम पर उसी स्थान पर योजना संख्या 0508003014/IF/21177976 के तहत दर्शाया गया है। इसी तरह तीसरा कार्य पंचायत समिति मद से मनरेगा योजना के अंतर्गत सुनील प्रसाद की निजी जमीन पर तालाब निर्माण के नाम पर वर्ष 2025-26 में चयन कोड 050800315/2025-26/268716/AS एवं वर्क कोड (21308350) के तहत दिखाया गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ये तीनों लाभुक एक ही परिवार से हैं और आपस में पिता, पुत्र और बहू के रिश्ते में हैं। आरोप है कि एक ही स्थल पर एक ही तालाब को तीन योजनाओं में दिखाकर लगभग 5 से 6 लाख रुपये की राशि की निकासी की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पूरा मामला योजना के नाम पर वित्तीय अनियमितता और संभावित घोटाले की ओर इशारा करता है।
इस संबंध में जब मनरेगा प्रोग्राम पदाधिकारी राजीव रंजन कुमार से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जाएगी। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि एक माह पहले ही इस मामले की जानकारी विभाग को दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई या जांच शुरू नहीं की गई है। मामला उजागर होने के बाद प्रखंड क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और ग्रामीणों ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन