अवैध दवाइयों के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, हुसैनाबाद में छापेमारी कर भारी मात्रा में अंग्रेजी दवाएं जब्त
भागलपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र के हुसैनाबाद मरकजी टोला में पुलिस और औषधि नियंत्रण विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध दवाओं के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गुलाम मुस्तफा नामक व्यक्ति के घर पर संयुक्त रूप से छापेमारी की, जहां से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी दवाइयों की खेप बरामद की गई है। गठित विशेष टीम ने जब मुस्तफा के ठिकाने पर दबिश दी, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। घर के भीतर अवैध रूप से भारी संख्या में एंटीबायोटिक, गैस की दवाइयां और कई अन्य प्रकार की जीवन रक्षक दवाओं का भंडारण किया गया था। ड्रग विभाग को पिछले काफी समय से इनपुट मिल रहे थे कि हुसैनाबाद के इस इलाके से बड़े पैमाने पर अवैध दवाओं का स्टॉक रखा जा रहा है और यहीं से इनकी अवैध बिक्री भी संचालित हो रही है। कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी गुलाम मुस्तफा मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी इसी तरह के अवैध दवा कारोबार के मामले में जेल की हवा खा चुका है। बबरगंज थाना पुलिस ने बरामद की गई सभी दवाइयों को जब्त कर लिया है और उन्हें थाने ले आई है। पुलिस अब इस मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। साथ ही, इस पूरे सिंडिकेट के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगालने में जुट गई है। पुलिस जांच इस बात पर केंद्रित है कि इन दवाओं की सप्लाई कहां-कहां की जाती थी और इस अवैध नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन से सफेदपोश या कारोबारी शामिल हैं। ड्रग विभाग और पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर