ठाकुरगंज में जीएसटी की बड़ी कार्रवाई, व्यापारी सरवन कुमार जाजोदिया के ठिकानों पर छापेमारी

 


किशनगंज, 04 अप्रैल (हि.स.)। नगर पंचायत ठाकुरगंज में जीएसटी विभाग की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया। पटना से पहुंची विशेष टीम ने स्थानीय व्यापारी सरवन कुमार जाजोदिया के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीएसटी विभाग की टीम ने जाजोदिया के दुकान, आवास एवं गोदामों में पहुंचकर सघन जांच की। इस दौरान अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर, बिल-वाउचर, खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों तथा बैंकिंग लेन-देन के अभिलेखों की बारीकी से पड़ताल की। अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के व्यापारियों में भी हलचल देखी गई और कार्रवाई को लेकर दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। सूत्रों के मुताबिक, यह छापेमारी कर चोरी अथवा वित्तीय अनियमितताओं की आशंका के आधार पर की जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक जीएसटी विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। टीम द्वारा देर शाम तक जांच जारी रहने की जानकारी मिली है। कार्रवाई के बाद आगे की स्थिति विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र सिंह

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह