अवैध बालू परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, चार ट्रकों पर 33.91 लाख का जुर्माना
किशनगंज, 04 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध बालू खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की गई। खनन विभाग की टीम ने बहादुरगंज थाना क्षेत्र के एलआरपी चौक के समीप छापेमारी कर अवैध बालू लदे चार ट्रकों को जब्त किया।कार्रवाई के बाद सभी वाहनों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए बहादुरगंज थाना के सुपुर्द कर दिया गया।
खान निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे यह अभियान चलाया गया। जांच के दौरान चारों ट्रकों पर बालू के परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज नहीं पाए गए। इसके बाद वाहनों को जब्त कर अग्रेतर कार्रवाई शुरू की गई।
खान निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि चारों ट्रकों पर कुल 33.91 लाख रुपये का शमन शुल्क एवं दंड अधिरोपित किया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध खनन और बिना वैध दस्तावेजों के बालू परिवहन पर सख्ती से नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। संवेदनशील मार्गों और प्रमुख चौक-चौराहों पर नियमित जांच की जाएगी, ताकि राजस्व की क्षति को रोका जा सके और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। खान निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी अवैध खनन करते अथवा बिना वैध अनुमति के खनिजों का परिवहन करते पकड़े जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने वाहन मालिकों और चालकों से खनिज परिवहन के दौरान सभी वैध दस्तावेज साथ रखने तथा नियमों का पालन करने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह