किशनगंज में अवैध मिट्टी खनन पर बड़ी कार्रवाई, 17 ट्रैक्टर जब्त, 18.56 लाख का जुर्माना

 


किशनगंज, 03 अप्रैल (हि.स.)। जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर करारा प्रहार किया।

जिलाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 17 अवैध मिट्टी लदे ट्रैक्टरों को जब्त किया। जिसमे 12 ट्रैक्टर मिट्टी लदे पाए गए जबकि पांच ट्रैक्टर खाली मिले। यह कार्रवाई खान निरीक्षक सुनील कुमार एवं सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि किशनगंज थाना क्षेत्र के जुलजुली गांव स्थित बाल सुधार गृह के समीप बड़े पैमाने पर अवैध मिट्टी खनन और उसका परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई चालक वाहन छोड़कर भागने की कोशिश करने लगे, हालांकि टीम ने मौके से 18 ट्रैक्टरों को अवैध मिट्टी के साथ जब्त कर लिया। सभी जब्त वाहनों को किशनगंज थाना लाकर सुरक्षित रखा गया है।

इस मामले में संबंधित ट्रैक्टर मालिकों एवं चालकों के विरुद्ध किशनगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। साथ ही सभी वाहनों पर कुल 18 लाख 56 हजार 400 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जुर्माना राशि की वसूली के साथ-साथ आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।

प्रशासन ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अवैध खनन और परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे कार्यों में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी इस तरह के अभियान तेज किए जाएंगे।

गौरतलब है कि अवैध मिट्टी खनन से जहां एक ओर सरकारी राजस्व का नुकसान होता है, वहीं पर्यावरण पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। नदियों और जमीन के प्राकृतिक स्वरूप में बदलाव से भविष्य में कई तरह की समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह