129 ग्राम ब्राउन शुगर समेत भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद
भागलपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। जिले के पीरपैंती अनुमंडल क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कहलगांव-2 स्नेह सेतु ने प्रेस वार्ता में बुधवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर ईशीपुर बाराहाट थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने 129 ग्राम ब्राउन शुगर, 2 किलो गांजा, 1654 नशीली गोलियां, 170 बोतल कफ सिरप, दो मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और 19 हजार 80 रुपये नकद बरामद किए।
मामले में झारखंड के गोड्डा जिले के अमजोरा, पिरोजपुर निवासी गोपाल कुमार साह को गिरफ्तार किया गया है। जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
डीएसपी स्नेह सेतु ने बताया कि बरामद मादक पदार्थों के अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि नशीले पदार्थ कहां से लाए जा रहे थे और किन-किन क्षेत्रों में उनकी आपूर्ति की जा रही थी।
उन्होंने कहा कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी अभियान का नेतृत्व स्वयं डीएसपी स्नेह सेतु ने किया। उनके साथ ईशीपुर बाराहाट थानाध्यक्ष मनीष कुमार, पुलिस पदाधिकारी विपिन प्रसाद यादव, नियाज अहमद तथा सशस्त्र बल के जवान मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर