बहादुरगंज में मवेशी तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, छह मवेशियों समेत पिकअप जब्त

 


किशनगंज, 18 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में मवेशी तस्करी के विरुद्ध पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में शनिवार देर रात बहादुरगंज थाना पुलिस ने बनगामा गांव के समीप छापेमारी कर छह मवेशियों से लदे एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान वाहन चालक पिकअप को सड़क किनारे खड़ा कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस अब फरार चालक और कथित तस्करी में संलिप्त पशु कारोबारियों की पहचान में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, बहादुरगंज थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बनगामा की ओर से एक पिकअप वाहन पर मवेशियों को क्रूरतापूर्वक लादकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और संदिग्ध वाहन की तलाश में बताए गए मार्ग पर कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान बनगामा गांव के समीप पुलिस की नजर संदिग्ध पिकअप पर पड़ी। पुलिस ने वाहन को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय वाहन की गति बढ़ा दी। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूर आगे चालक पिकअप को सड़क किनारे खड़ा कर अंधेरे में भाग निकला। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें छह मवेशी मिले।

पुलिस के अनुसार, मवेशियों को वाहन में ठूंस-ठूंसकर बांधा गया था। इसके बाद पुलिस ने सभी मवेशियों और पिकअप को जब्त कर थाना लाया। मामले में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जब्ती सूची तैयार की गई है।

रविवार को बहादुरगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि बरामद मवेशियों को सुरक्षित रखा गया है। फरार चालक और इस मामले में संलिप्त पशु कारोबारियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए जल्द ही छापेमारी की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह