नवगछिया में उत्पाद पुलिस की कार्रवाई, 4000 लीटर जावा महुआ नष्ट, 140 लीटर चुलाई शराब बरामद
भागलपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। अवैध शराब निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है।
उत्पाद थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार दास के नेतृत्व में टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को नवगछिया थाना क्षेत्र के नवादा स्थित गोढ़ी टोला (वार्ड-14) में छापेमारी की।
पुलिस टीम ने दुर्गम भौगोलिक स्थिति को देखते हुए कोशी नदी को नाव से पार कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 4,000 लीटर जावा महुआ का घोल, 140 लीटर तैयार चुलाई शराब और शराब बनाने वाले कई उपकरण बरामद किए।
बरामद किए गए जावा महुआ के घोल और निर्माण सामग्री को पुलिस ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। पुलिस की भनक लगते ही अवैध शराब निर्माण में लिप्त मुख्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। इस मामले में उत्पाद थाना पुलिस ने नवगछिया निवासी सदा सिंह के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
उत्पाद थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार दास ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और इसके काले कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी कीमत पर शराब कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर