किशनगंज में नारकोटिक्स पर बड़ी कार्रवाई, 290 ग्राम हेरोइन के साथ महिला समेत तीन तस्कर गिरफ्तार
किशनगंज, 22 अगस्त (हि.स.)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ किशनगंज पुलिस ने शुक्रवार को दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 290.07 ग्राम हेरोइन/स्मैक बरामद की है। पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है। यह जानकारी एसपी संतोष कुमार ने शनिवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में दी।
एसपी के अनुसार पहली कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र के खगड़ा करबला चौक के पास की गई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक यातायात राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में एएनटीएफ, जिला आसूचना इकाई, विशेष कार्य बल, मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग तथा सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर एक महिला को पकड़ा।तलाशी के दौरान उसके पास से 186.19 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार महिला की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक थाना क्षेत्र के मोजमपुर निवासी शैली खातून के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में महिला ने बताया कि वह कथित तौर पर कालियाचक से हेरोइन लेकर किशनगंज के खगड़ा करबला चौक के पास डिलीवरी देने पहुंची थी। दूसरी कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र के सिंहिया कुलामनी में की गई। पुलिस ने सूचना के आधार पर अकबर आलम के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान 103.88 ग्राम हेरोइन/स्मैक बरामद किया गया। पुलिस ने अकबर आलम को गिरफ्तार करने के साथ उसकी निशानदेही पर रूईधासा निवासी अभिषेक कुमार को भी गिरफ्तार किया। दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 290.07 ग्राम हेरोइन/स्मैक, 1.28 लाख रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत और गिरोह के बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाने में जुटी है।बरामद मोबाइल की तकनीकी जांच भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।एसपी संतोष कुमार ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह