पीरपैंती बाजार से रेलवे स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़क जर्जर, राहगीर परेशान

 


भागलपुर, 12 अगस्त (हि.स.)।

जिले के पीरपैंती बाजार से रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाली मुख्य सड़क इन दिनों पूरी तरह बदहाली का शिकार है।

सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि इसके दोनों किनारों पर जगह-जगह करीब आधा फीट गहरे गड्ढे बन गए हैं। इन गड्ढों में लाल मिट्टी जमा होने के कारण हल्की बारिश के बाद भी पूरा रास्ता कीचड़ और जलजमाव की चपेट में आ जाता है।

इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस मुख्य सड़क से दिनभर छोटे-बड़े वाहनों की भारी आवाजाही रहती है।

खासकर अदाणी पावर प्लांट की ओर आने-जाने वाले भारी वाहनों की संख्या बहुत अधिक है। जब ये भारी वाहन सड़क से गुजरते हैं, तो छोटे वाहन चालकों (जैसे बाइक और ऑटो) को साइड लेने में गंभीर परेशानी होती है। सड़क के किनारे गड्ढे और कीचड़ होने के कारण वाहनों को सुरक्षित किनारे करना मुश्किल हो जाता है, जिससे हर वक्त हादसे की आशंका बनी रहती है। खराब सड़क के कारण न सिर्फ वाहन चालक बल्कि पैदल चलने वाले लोग भी परेशान हैं।

कीचड़ के अलावा, भारी वाहनों के लगातार गुजरने से सूखे के समय सड़क पर गुबार उड़ता रहता है। इस धूल के कारण सड़क किनारे के दुकानदार, राहगीर और स्थानीय निवासी सांस और आंखों की समस्याओं से जूझ रहे हैं। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि लंबे समय से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।

आक्रोशित ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क के गड्ढों की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए। साथ ही जलजमाव की समस्या को दूर करने और भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सड़क को ठीक नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी ज्यादा गंभीर हो जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर