महर्षि मेंही परमहंस जी की वैराग्य ज्ञानस्थली पर बनेगा स्मारक
पूर्णिया, 03 जुलाई (हि.स.)।
संत शिरोमणि महर्षि मेंही परमहंस जी महाराज की वैराग्य ज्ञानस्थली राजकीय जिला स्कूल, पूर्णिया में उनकी स्मृति में स्मारक भवन निर्माण की दिशा में पहल शुरू हो गई है।
पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका ने विधायक निधि से स्मारक भवन निर्माण के लिए जिला पदाधिकारी सह विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष को पत्र लिखकर विद्यालय परिसर में उपयुक्त स्थल का चयन कर आवश्यक स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है।
विधायक विजय खेमका ने कहा कि पूर्णिया का यह परम सौभाग्य है कि 20वीं शताब्दी के महान संत महर्षि मेंही परमहंस जी महाराज को राजकीय जिला स्कूल, पूर्णिया में अध्ययन के दौरान वैराग्य ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। उन्होंने कहा कि महर्षि मेंही जी का लालन-पालन बनमनखी के सिकलीगढ़ धरहरा में हुआ, जहां उनका साधना स्थल भी स्थित है। वहीं भागलपुर का कुप्पाघाट उनकी तपोभूमि के रूप में विश्व प्रसिद्ध है।
विधायक ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 4 जुलाई को राजकीय जिला स्कूल परिसर में महर्षि मेंही वैराग्य महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाता है। ऐसे महान संत की वैराग्य ज्ञानस्थली पर स्मारक भवन का निर्माण होने से उनकी अमूल्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि स्मारक भवन आने वाली पीढ़ियों को महर्षि मेंही जी के जीवन-दर्शन, साधना, त्याग और आध्यात्मिक संदेश से प्रेरणा लेने का अवसर देगा। यह स्थल बिहार की आध्यात्मिक धरोहर के रूप में भी अपनी विशेष पहचान बनाएगा।
इस संबंध में विधायक विजय खेमका ने बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी को भी पत्र भेजा है। उन्होंने शिक्षा मंत्री से आग्रह किया है कि विभागीय पदाधिकारियों को स्मारक निर्माण हेतु विद्यालय परिसर में स्थल चिन्हित करने तथा आवश्यक स्वीकृति उपलब्ध कराने के लिए दिशा-निर्देश जारी किया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह