महावीरी झंडा शोभायात्रा जुलूस को लेकर अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक,डीजे पर रहेगा प्रतिबंध

 




अररिया 01 सितम्बर(हि.स.)। फारबिसगंज सांवलिया कुंज ठाकुरबाड़ी से प्रत्येक वर्ष निकलने वाले ऐतिहासिक महावीरी झंडा शोभायात्रा जुलूस को लेकर एसडीएम अभय कुमार तिवारी की अध्यक्षता में अनुमंडल कार्यालय स्थित सभागार में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई।जिसमें प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों और शहर के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।सौ वर्ष से अधिक समय से निकलने वाले महावीरी झंडा शोभायात्रा जुलूस में आपसी सौहार्द्र और भाईचारा बनाए रखने को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में एसडीएम अभय कुमार तिवारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि महावीरी झंडा शोभायात्रा जुलूस में डीजे पर प्रतिबंध रहेगा और किसी भी अखाड़े में डीजे नहीं रहेगा।बावजूद इसके डीजे लेकर आने वाले अखाड़ों पर कार्रवाई के साथ डीजे जब्त किया जाएगा।उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जहां भी बिजली के तार लटके हुए अवस्था में हैं,उसे दुरुस्त कर ले।साथ नगर निकाय के कार्यपालक पदाधिकारी समेत बीडीओ और सीओ को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले अखाड़ों के लिए सड़क में बने गड्ढे को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया।

वहीं सभी थानाध्यक्षों को असामाजिक तत्वों की शिनाख्त कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने और विधि व्यवस्था संधारण को बनाए रखने के लिए हरसंभव उपाय बरतने का निर्देश दिया गया है।एसडीएम ने कहा कि महावीरी झंडा शोभायात्रा जुलूस को लेकर पर्याप्त मात्रा में पुलिस अधिकारी और बलों के साथ मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति रहेगी।जुलूस में सुरक्षा के पुख्ता व्यवस्था रहने की बात एसडीएम ने कही।

बैठक में एसडीएम के अलावे एसडीपीओ,डीसीएलआर,बीडीओ,सीओ,नगर निकाय के ईओ,अग्निशमन पदाधिकारी,पीएचसी प्रभारी,स्टेशन मास्टर, मुख्य पार्षद वीणा देवी,उप मुख्य पार्षद नूतन भारती सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर