सुपौल महावीर चौक पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग का पुतला फूंका
सुपौल, 27 सितंबर (हि.स.)। चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और लोकतंत्र की निष्पक्षता को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को शहर के महावीर चौक पर विरोध प्रदर्शन किया।
बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग का पुतला दहन किया और नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भी नारे लगाए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं।
युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि देश में वर्तमान सरकार पर विपक्ष की ओर से वोट चोरी के आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब स्पष्ट और पारदर्शी तरीके से दिया जाना चाहिए।
उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत सर्वोपरि है और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर लोगों का विश्वास कायम रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा, निष्पक्ष चुनाव और मताधिकार की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में संगठन की ओर से सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखने का ऐलान किया गया है।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर संबंधित संस्थाओं को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का विश्वास मजबूत बना रहे। पुतला दहन एवं विरोध प्रदर्शन के दौरान नीरज कुमार झा, संतोष कुमार चौधरी, ललन कुमार, दिग्विजय कुमार, मोहम्मद इस्लाम, मोहम्मद अंगार, संतोष पाठक सहित अन्य कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र