महाराजगंज सांसद ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से चलंत पशुचिकित्सालय खोलने की मांग की
सारण, 06 अगस्त (हि.स.)। महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल ने आज नई दिल्ली स्थित केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के आवास पर उनसे शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र के प्रत्येक प्रखंड में एक-एक चलंत पशुचिकित्सालय शुरू कराने को लेकर केंद्रीय मंत्री को एक अनुरोध पत्र सौंपा।
सांसद सीग्रीवाल ने पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि महाराजगंज का अधिकांश क्षेत्र कृषि और पशुपालन पर आधारित है। यहाँ लाखों की संख्या में मवेशी हैं, जिनके समय पर इलाज और देखरेख के लिए आपातकालीन चिकित्सा सेवा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को उन्होंने पूर्व में नियम 377 के तहत लोकसभा में भी उठाया था।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि सारण जिले के तरैया, पानापुर, इसुआपुर, मशरक, बनियापुर, जलालपुर, माँझी, एकमा, लह्लादपुर जनता बाजार तथा सिवान जिले के भगवानपुर हाट, लकड़ी नबीगंज, बसंतपुर, गोरियाकोठी और महाराजगंज प्रखंडों में चलंत पशुचिकित्सालय की व्यवस्था कराने हेतु बिहार सरकार को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।
सांसद ने उम्मीद जताई कि इस पहल से स्थानीय किसानों और पशुपालकों को उनके घर-द्वार पर ही पशु उपचार की सहज सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार