महाराजा अग्रसेन जयंती पर 11 अक्टूबर को निकलेगी शोभायात्रा

 


अररिया,05 अक्टूबर(हि.स.)। अग्रवाल समाज के कुल देवता एवं आराध्य महाराजा अग्रसेन तथा कुलदेवी माता महालक्ष्मी की 5150वीं जयंती का आयोजन फारबिसगंज में 11 अक्टूबर को भव्य एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में किया जाएगा। अग्रवाल महासभा द्वारा लगातार 32वें वर्ष महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 11 अक्टूबर को स्थानीय श्री मारवाड़ी अतिथि सदन में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

आयोजन की तैयारियों को लेकर अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, शोभायात्रा, पूजा-अर्चना एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अग्रवाल महासभा के संरक्षक राजकुमार अग्रवाल सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

11 अक्टूबर को श्री मारवाड़ी अतिथि सदन में सर्वप्रथम महाराजा अग्रसेन, कुलदेवी माता महालक्ष्मी एवं अन्य देवी-देवताओं का विधिवत मंत्रोच्चार के साथ पूजन एवं आराधना की जाएगी। इसके बाद शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें अग्रवाल समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

शोभायात्रा के पश्चात संध्या 4 बजे से श्री मारवाड़ी अतिथि सदन में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में समाज के प्रतिभाशाली बच्चों एवं कलाकारों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ हीं समाज में अलग अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित भी करने का निर्णय लिया गया है।

अग्रवाल महासभा के पदाधिकारियों ने बताया कि महाराजा अग्रसेन की जयंती को लेकर समाज के लोगों में विशेष उत्साह है। इस वर्ष भी जयंती समारोह को भव्य, ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने समाज के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर समारोह को सफल बनाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर