महाकाल दर्शन के लिए 100 श्रद्धालुओं का जत्था 27 मार्च को होगा रवाना
भागलपुर, 26 मार्च (हि.स.)। महाकाल दर्शन संस्था की ओर से गुरुवार को एक प्रेस वार्ता का आयोजन भागलपुर के गौशाला प्रांगण में किया गया। इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि 27 मार्च 2026 की संध्या में लगभग 100 श्रद्धालुओं का जत्था भागलपुर से श्री महाकालेश्वर मंदिर एवं श्री ओंकारेश्वर मंदिर के दर्शन-पूजन के लिए रवाना होगा।
संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस धार्मिक यात्रा की शुरुआत बेहद छोटे स्तर पर मात्र 5 लोगों के साथ की गई थी। धीरे-धीरे श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई। पहले 50 और अब यह संख्या बढ़कर 100 तक पहुंच गई है, जो संस्था की बढ़ती लोकप्रियता और श्रद्धालुओं की आस्था को दर्शाता है। इस यात्रा की खास बात यह है कि संस्था द्वारा एक अनोखी व्यवस्था की गई है, जिसके तहत कोई भी श्रद्धालु मात्र 1 रुपया में भी महाकाल और ओंकारेश्वर के दर्शन कर सकता है। इसके लिए इच्छुक लोगों का रजिस्ट्रेशन किया जाता है। सभी पंजीकृत लोगों में से लॉटरी सिस्टम के जरिए 5 भाग्यशाली श्रद्धालुओं का चयन किया जाता है। जिन्हें सिर्फ 1 रुपया में यात्रा और दर्शन का अवसर दिया जाता है।
प्रेस वार्ता में महाकाल दर्शन संस्था के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को कम लागत में धार्मिक स्थलों के दर्शन कराना और सनातन संस्कृति के प्रति लोगों की आस्था को मजबूत करना है। यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज के हर वर्ग के लोगों को जोड़ने का एक सराहनीय प्रयास भी माना जा रहा है।
टीम में मुख्य रूप से सन्नी सरीन, प्रशांत कुमार, सुमित कुमार, नितिन भुवानिका, प्रिंस कुमार, मनीष दास, अमित कुमार, पवन जैन, प्रशांत टेकरीवाल, सोनू कुमार, संजय कुमार शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर