सारण में 300 से अधिक स्थानों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती
सारण, 26 मार्च (हि.स.)। रामनवमी और जुमे की नमाज के मद्देनजर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिले की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी विनीत कुमार ने खुद कमान संभाल ली है।
जिलाधिकारी और एसएसपी के नेतृत्व में पुलिस बल और कमांडो दस्ते ने शहर के विभिन्न हिस्सों में फ्लैग मार्च निकाला। यह मार्च विशेष रूप से संवेदनशील और क्षेत्रों से होकर गुजरा। अधिकारियों ने सड़कों पर उतरकर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया और आम जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
फ्लैग मार्च के दौरान मीडिया से बात करते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे जिले में 300 से अधिक स्थानों को चिह्नित किया गया है। सभी चिह्नित संवेदनशील पॉइंट्स पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। जुमे की नमाज को देखते हुए मस्जिदों के बाहर अतिरिक्त बल तैनात रहेगा। रामनवमी शोभायात्रा के लिए सभी पूजा समितियों को लाइसेंस जारी कर दिए गए हैं और उन्हें निर्धारित रूट व नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि उत्सव के माहौल में खलल डालने वाले शरारती तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट जानकारी या अफवाह पर ध्यान न दें और तुरंत पुलिस को सूचित करें।
प्रशासनिक अधिकारियों ने जिलेवासियों से रामनवमी का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। एसएसपी विनीत कुमार ने कहा कि पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है और जिले के कोने-कोने में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि नागरिक निडर होकर अपने त्योहार मना सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार