उत्क्रमित मध्य विद्यालय में भारी गड़बड़ी, 59 में से सिर्फ 18 बच्चों ने खाया मध्याह्न भोजन; ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग की

 


सुपौल, 19 अगस्त (हि.स.)। जिले के राघोपुर प्रखंड के वायसी ब्राह्मण टोला स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। बुधवार को पत्रकारों की एक टीम ने ग्रामीणों की सूचना पर विद्यालय का दौरा किया और पाया कि मध्याह्न भोजन करते हुए केवल 18 छात्र-छात्राएं मौजूद थे, जबकि उपस्थिति पंजी में 59 बच्चों की हाजिरी दर्ज थी। विद्यालय की आधारभूत सुविधाएं भी बदहाल मिलीं, जहाँ कई कक्षाओं का फर्श टूटा हुआ था और बिजली के तार बेतरतीब ढंग से लटक रहे थे, जिससे छात्रों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

विद्यालय के प्रभारी सहायक शिक्षक सचिन कुमार ने बताया कि कुल 122 छात्र-छात्राओं का नामांकन है और बुधवार को 59 छात्रों की उपस्थिति दर्ज की गई थी। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय में प्रधानाध्यापिका सहित कुल तीन शिक्षक पदस्थापित हैं, लेकिन बुधवार को प्रधानाध्यापिका और एक अन्य शिक्षिका अवकाश पर थीं तथा सात कमरों में से केवल तीन में ही पढ़ाई हो रही थी।

जब शिक्षक सचिन कुमार से 59 छात्रों की उपस्थिति दर्ज होने के बावजूद केवल 18 छात्रों के मध्याह्न भोजन करने के बारे में पूछा गया, तो वे कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए और इस संबंध में कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। इस मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है और उन्होंने छात्रों की वास्तविक उपस्थिति, मध्याह्न भोजन योजना तथा शैक्षणिक व्यवस्था की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की बात कही है ताकि शिक्षा व्यवस्था में सुधार हो सके। इस पर राघोपुर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) सुनील कुमार देव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शिकायत की जांच कराई जाएगी और अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र