संदिग्ध परिस्थिति में किसान की हत्या, एक खोखा बरामद
मधेपुरा, 25 मई (हि.स.)। मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मंजौरा ओपी इलाके में रविवार देर रात एक किसान की संदिग्ध परिस्थिति में हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान जोतैली पंचायत के रामपुर डेहरु वार्ड नौ निवासी कामेश्वर मेहता (60) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 12 बजे चार-पांच की संख्या में अपराधी घर में घुस आए। उस समय कामेश्वर मेहता कमरे में सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी गीता देवी बरामदे में सोई हुई थीं। गीता देवी ने बताया कि बदमाशों ने घर में प्रवेश करते ही उनके पति के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट होता देख वह वहां से भागकर गांव के मुखिया के घर पहुंचीं और घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
बताया जा रहा है कि मृतक का घर चारदीवारी से घिरा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि अपराधी बगल की सीढ़ी के रास्ते घर में दाखिल हुए थे। घटना के बाद जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर कामेश्वर मेहता का शव पड़ा मिला। हालांकि जिस स्थान से शव बरामद हुआ वहां खून के निशान नहीं मिले, जिससे घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
मृतक के परिवार में पत्नी, पांच बेटियां और एक बेटा हैं। सभी बेटियों की शादी हो चुकी है। सभी ससुराल में रहती है। बेटा पिछले एक सप्ताह से घर पर नहीं था। स्थानीय लोगों के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद भी चल रहा था।
सूचना मिलते ही बिहारीगंज थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया है। मंजौरा ओपी प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है। हत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Prashant Kumar