मधेपुरा में युवती की संदिग्ध मौत

 


मधेपुरा,26 अप्रैल (हि.स.)। मधेपुरा में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। शहर के वार्ड नंबर 4 स्थित एक किराए के कमरे में 24 वर्षीय रूबी कुमारी का शव फंदे से लटका हुआ मिला। मृतका सुपौल जिले के झोकायर गांव निवासी है।

बताया जा रहा है कि रूबी कुमारी ANM के पद पर कार्यरत थी और पिछले एक साल से मधेपुरा में रहकर नौकरी कर रही थी।

घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे और हत्या की आशंका जताई।

मृतका के चचेरे भाई ने बताया कि सुबह सूचना मिली कि रूबी कमरे में फंदे से लटकी हुई है। जब वे मौके पर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद (छिटकनी लगी) था। दरवाजा खोलकर अंदर जाने पर रूबी का शव फंदे से लटका मिला।

परिजन का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला हो सकता है। उनका कहना है कि शव की स्थिति संदिग्ध थी—पैर जमीन से सटे हुए थे, जिससे घटना पर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों ने यह भी बताया कि रूबी का एक युवक, अमित कुमार, से संपर्क था और दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। इस संबंध में वे पहले भी युवक के परिवार से मिल चुके थे।

मृतका की एक सहेली ने बताया कि काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो धक्का देकर दरवाजा खोला गया।

सूचना मिलते ही मधेपुरा थाना प्रभारी विमलेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Prashant Kumar