लग्जरी कार में शराब की बड़ी खेप पकड़ाई, यूपी का तस्कर गिरफ्तार

 


सीवान, 20 मई (हि.स.)। बिहार में शराबबंदी के बीच तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाकर शराब की खेप पहुंचाने में जुटे हैं। इसी कड़ी में मैरवा थाना क्षेत्र के दरौली मोड़ के समीप उत्पाद विभाग की टीम ने एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में देसी शराब बरामद करते हुए उत्तर प्रदेश के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

बताया जाता है कि उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि यूपी के रास्ते एक लग्जरी कार में शराब की बड़ी खेप बिहार लाई जा रही है। सूचना मिलते ही टीम ने दरौली मोड़ के पास विशेष नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध लग्जरी कार को रोककर तलाशी ली गई तो अंदर छिपाकर रखी गई 585 लीटर देसी शराब बरामद हुई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से चालक सह तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के बनकटा थाना क्षेत्र के जंजीरहा गांव निवासी प्रिंस सिंह, पिता चंद्रमा सिंह के रूप में हुई है।

उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ कर शराब तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma