एलपीजी की कोई किल्लत नहीं, अफवाहों पर न दें ध्यान: जिला प्रशासन
कटिहार, 03 जून (हि.स.)। जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया पर चल रही घरेलू गैस की कमी की खबरों को पूरी तरह भ्रामक और अफवाह करार दिया है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुशील कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में एलपीजी और पेट्रोलियम पदार्थ उपलब्ध हैं। कालाबाजारी और अवैध भंडारण को रोकने के लिए प्रशासन बेहद सख्त है और इसके लिए 16 धावा दलों का गठन कर लगातार छापेमारी की जा रही है।
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, जिले के तीनों अनुमंडलों के प्रखंडों में कार्यरत कुल 54 गैस वितरकों (डिस्ट्रीब्यूटर्स) के पास उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। बुधवार को जिले में कुल 10,730 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर और 1,130 व्यावसायिक (कमर्शियल) गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। इसके अलावा कंपनियों से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक आज 8,077 नए घरेलू सिलेंडरों की आपूर्ति भी की जा रही है, जिससे सभी उपभोक्ताओं को आसानी से गैस मिल सकेगी। इससे पहले 2 जून को भी 7,845 बुकिंग के मुकाबले 8,598 सिलेंडरों की आपूर्ति की जा चुकी है।
गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और कालाबाजारी, मुनाफाखोरी तथा अवैध बिक्री पर लगाम लगाने के लिए पुलिस उप महानिरीक्षक (विशेष शाखा, बिहार, पटना) के निर्देश पर जिले में 16 धावा दलों (फ्लाइंग स्क्वाड) का गठन किया गया है। ये दल गैस एजेंसियों के साथ-साथ होटलों और संदिग्ध ठिकानों पर लगातार निरीक्षण व छापेमारी कर रहे हैं। अब तक कुल 856 स्थानों पर जांच की जा चुकी है और अवैध भंडारण व कालाबाजारी के खिलाफ जिले में 5 एफआईआर (प्राथमिकी) भी दर्ज की गई हैं।
जिलाधिकारी कटिहार की अध्यक्षता में सभी अनुमंडल पदाधिकारियों और तेल विपणन कंपनियों (HPCL, BPCL, IOCL) के सेल्स मैनेजरों के साथ लगातार समीक्षा बैठकें की जा रही हैं। कंपनियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे जिले में आवश्यकतानुसार सिलेंडरों की आपूर्ति बनाए रखें। इसके साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील एवं जरूरतमंद संस्थानों को बिना किसी रुकावट के गैस सप्लाई करने को कहा गया है।
प्रशासन ने बताया कि जिला स्तर पर बने कंट्रोल रूम में अब तक प्राप्त 1,173 शिकायतों में से 1,170 का त्वरित निष्पादन (समाधान) कर दिया गया है। आम जनता की सुविधा और किसी भी प्रकार की समस्या या कठिनाई के निवारण के लिए जिला स्तर पर दो हेल्पलाइन नंबर— 06452-239025 एवं 239026 जारी किए गए हैं।
जिला प्रशासन ने आम जनता और एलपीजी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें, सोशल मीडिया की भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और गैस वितरकों के यहां अनावश्यक रूप से भीड़ न लगाएं। गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और पारदर्शी रूप से जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह