किशनगंज में एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य, होम डिलीवरी से मिल रही राहत

 


किशनगंज, 21 मार्च (हि.स.)। जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता, आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। शनिवार को जिलाधिकारी विशाल राज ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और वर्तमान में 9263 से अधिक गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है।

उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। अब लाभुकों को एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं है, वे घर बैठे बुकिंग कर सकते हैं और दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं।

प्रशासन के अनुसार, शहरी क्षेत्रों में 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों के बाद पुनः गैस बुकिंग की समय-सीमा निर्धारित की गई है। कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए धावा दल द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है और शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक संचालित हो रहा है। कंट्रोल रूम का दूरभाष संख्या 06456-225152 है।

प्रशासन के अनुसार, एलपीजी गैस से संबंधित प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की चिंता न करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह