गैस किल्लत से परेशान उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा,मोतिहारी बाईपास चौक किया जाम
पूर्वी चंपारण,27 मार्च (हि.स.)। जिला मुख्यालय मोतिहारी शहर में गैस की किल्लत से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा शुक्रवार को सड़क पर फूट पड़ा। शहर के छतौनी बाइपास चौक पर गैस नही मिलने से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।बताया जाता है कि कई दिनों से गैस सिलेंडर की बुकिंग के बावजूद उपभोक्ताओं को समय पर डिलीवरी नहीं मिल रही है। इससे नाराज लोगों ने बाईपास चौक पर जमा होकर प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि एक ओर उन्हें गैस नहीं मिल रही, वहीं दूसरी ओर मोबाइल पर डिलीवरी और अगली बुकिंग के मैसेज लगातार आ रहे हैं, जिससे स्थिति और भ्रमित हो रही है। जाम की सूचना मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन ने लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम समाप्त कराया, लेकिन उपभोक्ताओं में नाराजगी बनी हुई है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वर्ण प्रभात ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में गश्ती पदाधिकारी और यातायात सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही सड़क जाम करने वाले लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश भी दिया है।
एसपी ने कहा कि गैस वितरण में किसी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी वेंडर की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसको लेकर संबंधित विभाग को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। वही प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं ने मांग की है कि गैस वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाया जाए और समय पर सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही फर्जी मैसेज की समस्या को दूर किया जाय।
उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रही परिस्थितियों के बीच स्थानीय स्तर पर गैस आपूर्ति में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है,लिहाजा इसका असर विरोध प्रदर्शन के रूप में सामने आने लगा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार