प्रेम प्रसंग में प्रेमी ने की आत्महत्या

 


भागलपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। जिले के बरारी थाना क्षेत्र में रविवार को बी फार्मा के छात्र ने फंदे से लटकर आत्महत्या कर लिया। मृतक अंकित कुमार (25) है। मृतक के मामा ने बताया कि प्रेम प्रसंग के चलते फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। हादसे के समय घर के सभी सदस्य गंगा स्नान करने गये थे। जब सभी वापस लौटे और उसे नाश्ते के लिए बुलाने कमरे में पहुंचे ताे उसका शव पंखे से लटका देखा। आनन-फानन में उसे फंदे से उतारकर मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के मामा राकेश कुमार ने बताया कि अंकित पिछले कुछ समय से भागलपुर की ही एक युवती के साथ प्रेम संबंध में था। परिजन को इस बात की भनक करीब 15 दिन पहले ही लगी थी। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। इसी मानसिक तनाव और आपसी विवाद के कारण अंकित ने इतना आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, पुलिस इस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि मौत के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके।

मृतक अंकित कुमार मुंगेर जिले के लखनपुर स्थित बी. चपनी चौधरी कॉलेज से बी.फार्मा की पढ़ाई कर रहा था। वह एक होनहार छात्र था और हाल ही में कॉलेज की ओर से प्रशिक्षण के लिए मध्य प्रदेश के भोपाल गया था। भोपाल से ट्रेनिंग पूरी करने के बाद वह पटना आया, जहाँ उसने अपनी परीक्षाएं दीं और उसके बाद ही घर लौटा था। मंगलवार को भागलपुर पहुंचा था, रविवार सुबह तक वह बिल्कुल सामान्य था और सबके साथ हंसी-खुशी मिल-जुल रहा था। किसी को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि उसके मन में क्या चल रहा है।

पुलिस ने शव को अपने कब्ज में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानेदार बिट्टू कमल ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग में आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मृतक के मोबाइल फोन और अन्य कॉल रिकॉर्ड्स को खंगाला जा रहा है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना से पहले उसकी किससे और क्या बात हुई थी। पुलिस युवती के बारे में भी जानकारी जुटा रही, है ताकि मामले की तह तक पहुंचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर