प्रेम प्रसंग में हाईवोल्टेज ड्रामा : शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, घंटों चला हंगामा
सीवान, 29 मई (हि.स.)। जिले के गोरेयाकोठी प्रखंड के बरहोगाकोठी गांव में शुक्रवार की सुबह प्रेम प्रसंग को लेकर उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया, जब एक युवती अचानक गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देख गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर जामो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
ग्रामीणों के अनुसार युवती गांव के ही एक युवक से प्रेम करती थी। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था, लेकिन शादी को लेकर युवक के परिजन तैयार नहीं थे। इसी बात से नाराज होकर युवती ने शुक्रवार की सुबह मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा शुरू कर दिया।
युवती को टावर पर चढ़ते देख गांव में हड़कंप मच गया। लोग अनहोनी की आशंका से सहम गए। कुछ ग्रामीण युवती को नीचे उतरने की अपील करते रहे, जबकि कई लोग घटना का वीडियो बनाने में जुटे रहे।
सूचना मिलते ही जामो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया गया।
करीब घंटों चले समझाने-बुझाने के बाद युवती नीचे उतरने को तैयार हुई। इसके बाद पुलिस ने सावधानी के साथ उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। घटना के दौरान पूरे गांव में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते युवती को नहीं समझाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं सूत्रों की मानें तो घटना के बाद युवक के परिजन घर बंद कर फरार हो गए हैं।
पुलिस युवती को थाना ले जाकर पूछताछ कर रही है। साथ ही पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मामला केवल प्रेम प्रसंग का है या इसके पीछे कोई और वजह भी है। घटना को लेकर पूरे इलाके में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma