सांसद ने प्रश्न के माध्यम से रेलवे में नियुक्तियों एवं रिक्त पदों के बारे में ली जानकारी

 


भागलपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। भागलपुर के सांसद द्वारा लोकसभा में देशभर में रेलवे में नियुक्तियों, रिक्त पदों तथा भर्ती प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। इस प्रश्न के उत्तर में रेल मंत्री ने बताया कि में वर्ष 2014-15 से 2024-25 के दौरान कुल 5.08 लाख भर्तियां की गई हैं, जो कि 2004-05 से 2013-14 के दौरान हुई 4.11 लाख भर्तियों की तुलना में अधिक हैं।

मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि रेलवे में रिक्त पदों को भरना एक सतत प्रक्रिया है, जो परिचालनिक आवश्यकताओं, तकनीकी बदलावों और संगठनात्मक जरूरतों के अनुसार की जाती है। भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से रेलवे भर्ती बोर्ड के माध्यम से संचालित की जाती है। उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2024 से भर्ती के लिए वार्षिक कैलेंडर प्रणाली लागू की गई है, जिससे अभ्यर्थियों को नियमित अवसर, परीक्षा की निश्चितता तथा भर्ती प्रक्रिया में तेजी मिली है। वर्तमान में 1,43,086 रिक्तियों के विरुद्ध भर्ती प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2024 में 92,116 पदों के लिए विभिन्न श्रेणियों—जैसे सहायक लोको पायलट, तकनीशियन, जूनियर इंजीनियर, आरपीएफ, पैरामेडिकल, तथा गैर-तकनीकी पदों—के लिए केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचनाएं जारी की गईं। इन पदों के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने परीक्षाओं में भाग लिया और विभिन्न चरणों की परीक्षाएं सफलतापूर्वक पूरी की जा चुकी हैं।

मंत्री ने यह भी बताया कि 42,000 से अधिक अभ्यर्थियों का चयन पैनल तैयार किया जा चुका है, जिनमें अधिकांश पद सुरक्षा श्रेणियों से संबंधित हैं। साथ ही, वर्ष 2026 में सहायक लोको पायलट के 11,127 अतिरिक्त पदों की भर्ती के लिए स्वीकृति प्रदान की गई है। सांसद ने इस विषय को उठाकर रेलवे में रोजगार सृजन और रिक्तियों को भरने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है, जिससे युवाओं को व्यापक अवसर प्राप्त होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर