कृषि विकास एवं किसान कल्याण योजनाओं पर लोकसभा में उठाया गया प्रश्न
भागलपुर, 29 मार्च (हि.स.)। भागलपुर के सांसद अजय मंडल द्वारा लोकसभा में भागलपुर संसदीय क्षेत्र के किसानों की आय वृद्धि, फसल उत्पादकता, बीमा, सिंचाई एवं प्राकृतिक खेती से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए।
इस प्रश्न के उत्तर में कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री ने विस्तृत जानकारी प्रदान की, जिसके किसानों की आय एवं उत्पादकता में वृद्धि, सब्सिडी वाले बीज वितरण, मुख्यमंत्री क्रैश बीज योजना और कृषि इनपुट सब्सिडी से किसानों को लाभ मिला है।
किसान उत्पादक संगठनों के गठन से किसानों की आय में वृद्धि हुई है। पिछले पाँच वर्षों में चावल, गेहूं, मक्का एवं कुल खाद्यान्न उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। उत्पादकता भी 2019-20 की तुलना में 2024-25 में काफी बढ़ी है। सिंचाई एवं सूक्ष्म सिंचाई योजनाएं भागलपुर जिले में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार एवं सूक्ष्म सिंचाई योजनाओं के लिए 594.436 लाख रुपये की राशि आवंटित की गई है, जिससे किसानों को जल प्रबंधन में सहायता मिल रही है।
राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत देशभर में बड़े स्तर पर क्लस्टर विकसित किए गए हैं। भागलपुर में 500 हेक्टेयर क्षेत्र में 10 समूहों में 1250 किसान शामिल हैं। परंपरागत कृषि विकास योजना के अंतर्गत जैविक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। नमामि गंगे-पीकेवीवाई के तहत 1500 एकड़ भूमि में 1480 किसानों को शामिल किया गया है। सांसद द्वारा उठाया गया यह प्रश्न भागलपुर क्षेत्र के किसानों की समस्याओं और विकास को राष्ट्रीय स्तर पर उजागर करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में कृषि विकास, आय वृद्धि एवं सतत खेती को बढ़ावा मिल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर