स्थायी लोक अदालत में ट्रैफिक नियमों को लेकर हुई बैठक
सुपौल, 25 जुलाई (हि.स.)। स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष के न्यायालय कक्ष में ट्रैफिक नियमों एवं सड़क सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष संजय कुमार झा ने की। बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी डॉ संजीव कुमार सजन, ट्रैफिक पुलिस उपाधीक्षक एवं ट्रैफिक पुलिस निरीक्षक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान ट्रैफिक नियमों के प्रभावी अनुपालन, सड़क सुरक्षा तथा आम लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि लोगों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया जाना आवश्यक है, ताकि वे नियमों का पालन करें और अनावश्यक रूप से चालान की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को लगता है कि उसका चालान अनुचित तरीके से काटा गया है, तो वह न्याय के लिए स्थायी लोक अदालत का दरवाजा खटखटा सकता है।
बैठक में स्थायी लोक अदालत के सदस्य लक्ष्मण कुमार एवं अरविंद कुमार झा ने भी लोगों के बीच व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार स्थायी लोक अदालत में जुर्माने से संबंधित मामलों का निपटारा उनके गुण-दोष (मेरिट) के आधार पर किया जाएगा, जिससे लोगों को त्वरित एवं सुलभ न्याय मिल सके। बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने तथा आम नागरिकों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के लिए समन्वित प्रयास करने पर सहमति व्यक्त की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र