राष्ट्रीय लोक अदालत में 16 बेचों पर 2227 मामलों का हुआ निबटारा,1.49 करोड़ की वसूली

 


अररिया 09 मई(हि.स.)।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से सिविल कोर्ट में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में 2227 मामलों का निबटारा किया गया।समझौते के आधार पर 1.49 करोड़ रूपये की वसूली की गई। राष्ट्रीय लोक अदालत वर्ष 2026 का दूसरा राष्ट्रीय लोक अदालत था।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अररिया सह विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष गुंजन पांडेय के द्वारा द्वीप प्रज्ज्वलित कर किया गया । प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के साथ प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनीत कुमार सिंह, डीएलएसए सचिव रोहित कुमार श्रीवास्तव, जिलाधिकारी विनोद दूहन, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मनोज कुमार सिंह ने द्वीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में शिरकत किया ।

मौके पर जिलाधिकारी ने पक्षकारों के बीच अपने संबोधन में कहा कि लोक अदालत के जरिए समाज में शान्ति स्थापित हुई हैं । वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष ने बताया कि इस बार के राष्ट्रीय लोक अदालत में पहली बार ट्रैफिक नियमों अंतर्गत चालान सबंधित मामलों के लिए पहली बार अलग बेंच बनाए गए।

राष्ट्रीय लोक अदालत में 504 आपराधिक मामले,25 पारिवारिक मामले,पांच एनआई एक्ट के मामले,135 कार्यपालिका,106 ट्रैफिक चालान,52 परिवहन और विभिन्न बैंकों के 388 मामलों पर सुनवाई की गई।समझौते के आधार पर 2 करोड 33 लाख रुपये का समझौता हुआ,जिसमें एक करोड 15 लाख रुपये और बीएसएनएल के 12 मामलों के निष्पादन में लगभग 34 लाख की वसूली की गई ।

इस बार के राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल सोलह बेंचो क़ा गठन किया गया।जिसमें पंद्रह बेंच न्यायपालिका और एक बेंच कार्यपालिका की ओर से जिला प्रशासन की ओर से लगाया गया था।कार्यपालिका की ओर से लगाए गए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 के मामलों का निबटारा किया गया।

इस अवसर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश चतुर्थ अमरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, सीजेएम अमरेंद्र कुमार,एलएडीसी चीफ विनय कुमार ठाकुर, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार पांडेय, सचिव कामाख्या प्रसाद यादव, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार, सचिव संजीव कुमार सिन्हा,पूर्व अध्यक्ष तपन कुमार बनर्जी, न्यायायिक पदाधिकारी, न्यायिककर्मी, सिरिस्तेदार अजय कुमार सहित अधिवक्तागण बड़ी संख्या में मौजूद थे ।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर