जदयू की नवगठित जिला कमिटी की सूची जारी, जातीय समीकरण साधने पर जोर

 


पश्चिम चम्पारण (बगहा),3 सितम्बर (हि.स.)। बगहा आईबी में गुरुवार को पूर्व बगहा विधायक सह जदयू के जिलाध्यक्ष प्रभात रंजन सिंह ने बिहार प्रदेश जनता दल (यूनाइटेड) द्वारा अनुमोदित बगहा जिला जदयू की नवगठित कमिटी की सूची जारी की है। नई कार्यसमिति में जिलाध्यक्ष को मिलाकर कुल 95 लोग को शामिल किया गया है।

नवगठित कमिटी में आठ उपाध्यक्ष, 23 महासचिव, एक प्रवक्ता, एक कोषाध्यक्ष, एक कार्यालय सचिव, 37 सचिव तथा एक विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल हैं। इस तरह संगठन को जिला के विभिन्न क्षेत्र और सामाजिक समूहों में प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है।

कार्यसमिति के आकार को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है। 95 सदस्यवाली इस कार्यसमिति को स्थानीय स्तर पर कुछ लोग ‘जम्बोजेट विमान’ जैसी बड़ी कार्यसमिति बता रहे हैं। चर्चा यह भी है कि बिहार सरकार का मंत्रिमंडल भी इतना बड़ा नहीं है, जितनी संख्या इस जिला कार्यसमिति में सदस्य हैं, हालांकि पार्टी नेताओं का मानना है कि संगठन में अधिक से अधिक लोगों को जिम्मेदारी देकर पार्टी के आधार को मजबूत करने तथा विभिन्न सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है

।नवगठित कमिटी में जातीय एवं सामाजिक समीकरण का भी विशेष ध्यान रखा गया है। अलग-अलग सामाजिक समूहों को संगठन में स्थान दिए जाने के कारण कार्यसमिति का आकार काफी बड़ा हो गया है। माना जा रहा है कि आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठन विस्तार को देखते हुए जदयू ने व्यापक प्रतिनिधित्व वाली टीम तैयार की है।

जिलाध्यक्ष प्रभात रंजन सिंह ने कार्यसमिति की घोषणा के दौरान संगठन को मजबूत करने, पार्टी की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नई कमिटी में अनुभवी नेताओं के साथ-साथ विभिन्न वर्गों के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है, ताकि संगठन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

कार्यसमिति की घोषणा के दौरान जदयू नेता राकेश सिंह, पशुपतिनाथ गुप्ता, बबुआजी सिंह, जयेंद्र कुमार सिंह, जितेंद्र कुशवाहा, नौशाद अख्तर, मो. निजामुद्दीन, राजेश्वर राव, छठ्ठू बैठा, मनोज शाही, अशोक पाण्डेय, इजहार सिद्दीकी सहित कई पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहें।

हिन्दुस्थान समाचार/अरविंद नाथ तिवारी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी