शराब माफिया रिंकू पांडेय के घर पुलिस की छापेमारी, डायरी बरामद, 10 हजार का इनाम घोषित
सीवान, 02 सितंबर (हि.स.)। शराब तस्करी समेत विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित और लंबे समय से फरार चल रहे रत्नेश कुमार पांडेय उर्फ रिंकू पांडेय की गिरफ्तारी के लिए असांव थाना पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की। पुलिस को मौके से एक डायरी बरामद हुई है। डायरी के आधार पर पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगालने में जुटी है।
एसपी भारत सोनी के निर्देश पर जिले में फरार और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गयी। पुलिस के अनुसार, पचबेनिया निवासी रत्नेश कुमार पांडेय उर्फ रिंकू पांडेय, पिता वशिष्ठ नारायण पांडेय उर्फ ओंकारनाथ पांडेय के खिलाफ असांव समेत जिले के विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इन मामलों में न्यायालय से प्राप्त वारंट के आधार पर पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान रिंकू पांडेय घर पर नहीं मिला। हालांकि, उसके घर से बरामद डायरी को पुलिस ने महत्वपूर्ण सुराग माना है। इसमें दर्ज जानकारियों के आधार पर शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों, संपर्कों और नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि फरार अभियुक्त के साथ कौन-कौन लोग प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हैं।
एसपी भारत सोनी ने बताया कि रिंकू पांडेय की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और उसे पकड़ने में पुलिस कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि अपराध और शराब के अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस बरामद डायरी के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रिंकू पांडेय के खिलाफ चोरी, अवैध शराब के कारोबार, आर्म्स एक्ट, हत्या, लूट, मारपीट, रंगदारी सहित विभिन्न धाराओं में 26 मामले दर्ज हैं। इनमें असांव थाना के वर्ष 2009, 2020, 2022 और 2026 के मामले के अलावा आंदर, रघुनाथपुर, हुसैनगंज, मैरवा, दरौली, सराय, जीबी नगर, गोरेयाकोठी तथा उत्तर प्रदेश के देवरिया कोतवाली थाना के मामले भी शामिल हैं।
पुलिस ने रिंकू पांडेय की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। एसपी ने आम लोगों से अपील की है कि फरार अभियुक्त के संबंध में कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल निकटतम थाना अथवा सीवान जिला पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9031832785 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma