लायंस क्लब सिमराही की पहल, चलाया गया नशामुक्ति जागरूकता अभियान
सुपौल, 19 सितंबर (हि.स.)। जिले के लायंस क्लब सिमराही, राघोपुर एवं गणपतगंज के द्वारा शनिवार को सिमराही स्थित द हिल्स पब्लिक स्कूल में नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान क्लब के सदस्यों ने स्कूली बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे एवं क्लब के सदस्य मौजूद रहे।
अभियान के दौरान बच्चों को बताया गया कि नशे की आदत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। नशे के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित होता है और कई सामाजिक समस्याएं जन्म लेती हैं। सदस्यों ने बच्चों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करें। कार्यक्रम में लायंस क्लब के अध्यक्ष सचिन माधोगाड़िया, सदस्य ललित जयसवाल, सचिन पंसारी, विकास आनंद, सोनू पंसारी, हर्ष पंसारी, सोनू झा समेत विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस दौरान सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। स्कूली बच्चों को नशा नहीं करने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए शपथ भी दिलाई गई।
लायंस क्लब के अध्यक्ष सचिन माधोगाड़िया ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता ही इसके प्रसार को रोकने का मजबूत माध्यम है। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में समय रहते जागरूक करना जरूरी है। यदि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहेगी तो समाज को स्वस्थ और बेहतर दिशा दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब आगे भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करता रहेगा। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने नशे से दूर रहने और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र