छात्र-छात्राओं की परेशानी को लेकर मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

 


भागलपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। नौंवी कक्षा के नामांकन को लेकर छात्र-छात्राओं को बिहपुर विस क्षेत्र के नारायणपुर, बिहपुर एवं खरीक प्रखंड के माडल स्कूलों में काफी परेशनी हो रही है। छात्र-छात्राओं को हो रही परेशनी और कठिनाइयों के संबंध में विधायक ईं शैलेंद्र ने शुक्रवार को सीएम सम्राट चौधरी को पत्र प्रेषित किया।

पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया कि नामांकन की नई प्रक्रिया एवं प्रतियोगिता परीक्षा से जुड़ी जानकारी समय पर स्थानीय छात्रों तक नहीं पहुँच पाने के कारण अनेक विद्यार्थी इस प्रक्रिया से वंचित रह गए हैं। ऐसे में उनके शैक्षणिक भविष्य को ध्यान में रखते हुए आवश्यक समाधान एवं वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है। साथ ही विधायक द्वारा सीएम को यह सुझाव भी दिया गया है कि जिन पंचायतों में उच्च विद्यालयों को मॉडल स्कूल का दर्जा दिया गया है। वहां अतिरिक्त विद्यालय की व्यवस्था की जाए। ताकि स्थानीय छात्रों को अपने ही क्षेत्र में नामांकन का अवसर मिल सके।

हर छात्र को समान अवसर मिले और किसी का भविष्य प्रभावित न हो। इसके पूर्व बिहपुर एनडीए कार्यालय में विस क्षेत्र के विधायक ईं.शैलेंद्र ने सम्राट चौधरी के राज्य के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने पर एनएीए नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ खुशियों को साझा किया। जिसका संचालन जिला उपाध्यक्ष प्रो.गौतम ने किया।

मौके पर विधायक ने कार्यकर्ताओं के बीच अपने हाथों से मिठाई वितरण कर खुशी साझा किया। वहीं विधायक ने कहा कि जिस विकास और सुशासन की मजबूत नींव नीतीश कुमार ने रखी है। उसी मार्ग पर आगे बढ़ते हुए अब हमें सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर