रविवार देर शाम जलालपुर गांव में तेंदुए की दस्तक से मचा हड़कंप, दहशत में ग्रामीण
सीवान, 16 नवंबर (हि.स.)। जिले में दरौंदा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में रविवार देर शाम तेंदुए जैसा जंगली जानवर दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया।
गांव में जंगली जानवर की मौजूदगी की खबर फैलते ही ग्रामीणों में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हो गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल दरौंदा के अंचलाधिकारी वेद प्रकाश नारायण और थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ ने वन विभाग को तत्काल सूचना दी।
इसके बाद वन विभाग की टीम जलालपुर गांव पहुंची और जंगली जानवर को सुरक्षित रेस्क्यू करने के प्रयास में जुट गई। प्रशासन और वन विभाग की टीम पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
इधर, ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अंचलाधिकारी वेद प्रकाश नारायण ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जब तक वन विभाग की टीम जंगली जानवर को सुरक्षित रेस्क्यू नहीं कर लेती, तब तक ग्रामीण अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें। खासकर रात के समय महिलाओं और बच्चों को अकेले बाहर नहीं जाने दें।
सीओ ने बच्चों को घर से बाहर अकेले नहीं छोड़ने तथा जंगली जानवर के करीब जाने या उसे पकड़ने की कोशिश नहीं करने की हिदायत दी है। उन्होंने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और जानवर दिखाई देने पर तत्काल प्रशासन या वन विभाग को सूचना देने की अपील की है।
प्रशासन ने ग्रामीणों से घबराने के बजाय सतर्कता बरतने और वन विभाग की टीम को रेस्क्यू अभियान में सहयोग करने की अपील की है। फिलहाल जंगली जानवर की पहचान और उसे सुरक्षित पकड़ने के प्रयास पर सबकी नजर टिकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma