मुलाकाती परिसर में मुलाकात से न्याय तक नामक लीगल एड क्लिनिक का उद्घाटन
अररिया 28 जुलाई(हि.स.)।अररिया जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से मंडल कारा के मुलाकाती परिसर में मुलाकात से न्याय तक नामक लीगल एड क्लिनिक का शुभारम्भ किया गया। इस क्लिनिक का उद्देश्य कैदियों से मिलने आने वाले परिजनों और अन्य व्यक्तियों को तत्काल विधिक सहायता उपलब्ध कराना है।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार गंजन पाण्डे ने इसका विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रोहित श्रीवास्तव और कारा अधीक्षक सहित कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गंजन पाण्डे ने बताया कि इस क्लिनिक का मुख्य उद्देश्य समाज के अधिक से अधिक लोगों तक विधिक सेवा प्राधिकार की योजनाओं और सुविधाओं को पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि बंदियों से मुलाकात करने आने वाले लोग इस क्लिनिक के माध्यम से उचित विधिक सलाह और सहायता प्राप्त कर सकेंगे, जिससे न्याय तक पहुंच आसान बनेगी।
क्लिनिक के उद्घाटन के बाद जिला जज गंजन पाण्डे ने होम एवं चाइल्ड एडॉप्शन होम का भी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की देखभाल, गोद लेने की प्रक्रिया और कानूनी सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर