सीमांचल के सैन्य परिवारों के लिए वरदान साबित होगा कटिहार का नया विधिक सहायता केंद्र
कटिहार, 06 अगस्त (हि.स.)। कटिहार में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार नई दिल्ली के निर्देशानुसार और जिला विधिक सेवा प्राधिकार कटिहार के आदेश के आलोक में गुरुवार को जिला सैनिक कल्याण बोर्ड परिसर में नालसा की वीर परिवार सहायता योजना 2025 के अंतर्गत विधिक सहायता केंद्र का उद्घाटन किया गया। इस केंद्र का उद्घाटन सिविल न्यायाधीश सह सचिव कमलेश कुमार सिंह देऊ तथा जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी कर्नल संजय कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
उद्घाटन समारोह के दौरान जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी कर्नल संजय कुमार ने बताया कि इस विधिक सहायता केंद्र के शुरू हो जाने से कटिहार, पूर्णिया, अररिया और किशनगंज जिलों के सैनिकों के परिवारजनों और आश्रितों को नालसा द्वारा संचालित वीर परिवार सहायता योजना 2025 का सीधा लाभ मिल सकेगा, जिससे रक्षा कर्मियों और सैनिकों के परिवारों तक योजनाएं आसानी से पहुंच सकेंगी।
इस योजना को धरातल पर पूरी तरह प्रभावी बनाने और जरूरतमंदों को इसका लाभ दिलाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा पारा विधिक स्वयंसेवक पवन कुमार को विशेष रूप से प्रतिनियुक्त किया गया है। प्रतिनियुक्त पारा विधिक स्वयंसेवक ने केंद्र पर मिलने वाली निःशुल्क सलाह, सहायता और डीएलएसए कटिहार की अन्य विधिक सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए जरूरतमंद सैनिक परिवारों से आगे आकर इसका लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी उपस्थित लोगों को अवगत कराया गया और इसके लाभों की जानकारी देते हुए इससे जुड़ने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण बोर्ड कटिहार के समस्त कर्मी, डीएलएसए कार्यालय के लिपिक आशीष कुमार झा एवं सिंटू कुमार, विभिन्न पारा विधिक स्वयंसेवक तथा भारी संख्या में सेवानिवृत्त सैनिक एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह