छपरा मंडल कारा में जिलाधिकारी व एसएसपी ने देर रात कि छापेमारी

 




सारण, 17 अप्रैल (हि.स.)। छपरा जेल प्रशासन की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बीती रात छपरा मंडल कारा में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने जेल परिसर में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान जेल के भीतर स्थित सभी वार्डों और बैरकों की सघन तलाशी ली गई। जिलाधिकारी और एसएसपी ने स्वयं विभिन्न सेल में जाकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। हालांकि घंटों चली इस सघन जांच प्रक्रिया के दौरान जेल के भीतर से किसी भी प्रकार की कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई ।

जिसे प्रशासन ने जेल प्रबंधन की सतर्कता का परिणाम बताया। निरीक्षण के पश्चात जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने जेल प्रशासन को जेल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर करने तथा सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी निगरानी प्रणाली को 24 घंटे क्रियाशील और प्रभावी बनाए रखने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस छापेमारी में अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर समेत अन्य पुलिस उपाधीक्षक और दर्जन भर से अधिक दंडाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार