लतौना कैथोलिक चर्च में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया ईस्टर पर्व

 




सुपौल, 06 अप्रैल (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के लतौना स्थित कैथोलिक चर्च में ईस्टर का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर चर्च परिसर में विशेष प्रार्थना सभा एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए।

कार्यक्रम के दौरान विशेष प्रार्थना सभा (मिस्सा) संपन्न कराई गई। पवित्र बाइबिल का वाचन किया गया तथा सामूहिक प्रार्थना और भजन-कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालुओं ने प्रभु यीशु मसीह के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। श्रद्धालुओं ने मोमबत्तियां जलाकर प्रभु के पुनरुत्थान की खुशी मनाई और धन्यवाद प्रार्थना अर्पित की। अंत में सभी के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर फादर डेविड एलियास एवं फादर अर्थुन ने संयुक्त रूप से प्रवचन देते हुए कहा कि “ईस्टर हमें सिखाता है कि कठिनाइयों और अंधकार के बाद भी जीवन में नई आशा और प्रकाश आता है।” उन्होंने आगे कहा कि “प्रभु यीशु का पुनरुत्थान मानवता के लिए प्रेम, क्षमा और त्याग का सबसे बड़ा संदेश है, जिसे हर व्यक्ति को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।”

उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे समाज में भाईचारे, शांति और सद्भाव को बढ़ावा दें तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आएं। इस मौके पर चर्च परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण हो उठा। मौके पर लोगों ने एक-दूसरे को ईस्टर की शुभकामनाएं दीं और प्रेम एवं एकता का संदेश फैलाया। ईस्टर पर्व के आयोजन से पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल बना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र