अंतिम सोमवारी पर प्रभा किरण सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों ने निकाली भव्य कावड़ यात्रा

 


सुपौल, 24 अगस्त (हि.स.)।

सावन मास की अंतिम सोमवारी के अवसर पर सोमवार को प्रभा किरण सरस्वती शिशु मंदिर, बलुआ के बच्चों एवं विद्यालय की प्रबंध कार्यकारिणी समिति के सदस्यों द्वारा कावड़ यात्रा निकाली गई। विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कावड़ यात्रा के दौरान पूरा बलुआ बाजार हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।

कावड़ यात्रा की शुरुआत बजरंगबली स्थान से हुई। यहां से बच्चों ने कावड़ में पवित्र जल लेकर यात्रा प्रारंभ की। यात्रा बलुआ बाजार गोल चौक होते हुए बलुआ हटिया चौक पहुंची, जहां से श्रद्धालु बच्चे कतारबद्ध होकर वार्ड नंबर सात स्थित शक्तिनाथ बाबा मंदिर पहुंचे। मंदिर पहुंचने के बाद बच्चों ने विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ का पवित्र जल से जलाभिषेक किया।

पूरी यात्रा के दौरान बच्चे ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयघोष करते हुए आगे बढ़ते रहे। कावड़ लेकर अनुशासित तरीके से कतारबद्ध होकर चल रहे बच्चों का दृश्य श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत रहा।

अंतिम सोमवारी के अवसर पर निकाली गई इस कावड़ यात्रा से बलुआ बाजार एवं आसपास का क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया। मंदिर में जलाभिषेक के बाद बच्चों एवं विद्यालय से जुड़े सदस्यों ने भगवान शिव से सुख-समृद्धि, शांति और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। विद्यालय की ओर से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष सुरेश पोद्दार, सचिव जयप्रकाश मेहता, सह सचिव गुड्डू मंडल, कोषाध्यक्ष योगेश ठाकुर, उपाध्यक्ष पारसनाथ पाठक के अलावा बिपिन दास, कविता कुमारी, राखी कुमारी, दीप्ति कुमारी, चांदनी कुमारी, खुशबू कुमारी एवं आनंद मंडल सहित विद्यालय से जुड़े अन्य सदस्य एवं लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र