गोनू बाबा धाम में सावन की अंतिम सोमवारी पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, डाक बम और श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
भागलपुर, 24 अगस्त (हि.स.)।
श्रावण मास के चतुर्थ और अंतिम सोमवार को लेकर शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ देखी गई। सावन के इस अंतिम सोमवार का सनातन धर्म में विशेष महत्व है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन की गई पूजा से पूरे महीने की शिव आराधना का फल एक साथ मिल जाता है। इस पावन अवसर पर विधि-विधान से व्रत और पूजन करने से मानसिक शांति, सुख-समृद्धि और मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है।
महादेव को शीघ्र प्रसन्न करने के लिए श्रद्धालुओं ने पंचामृत से अभिषेक किया, बेलपत्र अर्पित किए और 'ॐ नमः शिवाय' के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। इसी कड़ी में प्रसिद्ध श्री श्री 108 गोनू बाबा धाम मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की चौथी सोमवारी पर भव्य आयोजन किया गया। मंदिर में बाबा की सरकारी पूजा संपन्न होते ही अपराह्न 3:00 बजे से डाक बम और आम श्रद्धालुओं के द्वारा बाबा का जलाभिषेक शुरू हो गया।
बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने के लिए न केवल स्थानीय लोग, बल्कि बिहार, झारखंड और बंगाल सहित कई अन्य राज्यों व क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने बाबा का पंचामृत से अभिषेक और विशेष पूजा-पाठ संपन्न किया। मंदिर प्रांगण पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा के चरणों में शीश नवाकर अपनी-अपनी मन्नतें मांगीं और अर्पण किया। धाम के पंडित सोनू झा उर्फ सिंगारी बाबा और सकल ग्रामवासियों के सहयोग से बाबा के परम भक्तों द्वारा सभी पूजा अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं।
मंदिर प्रबंधन ने बताया कि संध्याकाल में बाबा का भव्य महा रुद्राभिषेक और श्रृंगार पूजन किया जाएगा। इसके बाद महाआरती होगी और उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों और बाबा के भक्तों का सराहनीय योगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर