धान अधिप्राप्ति की तैयारियों में तेजी लाने के लिए बढ़ायी गयी चावल मिलरों के निबंधन की अंतिम तिथि
पटना, 21 अक्टूबर (हि.स.)। धान अधिप्राप्ति की तैयारियों में तेजी लाने के लिए खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने चावल मिलरों के निबंधन की अंतिम तिथि का विस्तार किया है। खरीफ विपणन मौसम 2026-27 में राज्य के किसानों से धान अधिप्राप्ति की तैयारियों को गति देने तथा धान की मिलिंग की सुचारु व्यवस्था करने के उद्देश्य से यह तिथि बढ़ायी गयी है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने चावल मिलरों के निबंधन की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 से बढ़ाकर 15 नवंबर 2026 कर दी है।
विभाग ने सभी जिला पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि निर्धारित विस्तारित अवधि के भीतर चावल मिलरों का निबंधन अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें।
विकेन्द्रीकृत अधिप्राप्ति योजना के अंतर्गत खरीफ विपणन मौसम 2026-27 में राज्य में धान अधिप्राप्ति 1 नवंबर 2026 से प्रारंभ किया जाना प्रस्तावित है। अधिप्राप्त धान की समानांतर रूप से मिलिंग कराकर चावल तैयार करने के लिए पर्याप्त संख्या में चावल मिलरों का निबंधन एवं उनका भौतिक सत्यापन आवश्यक है।
विभागीय जानकारी के अनुसार, चावल मिलरों का निबंधन 16 अगस्त 2026 से ई-सहकारी पोर्टल (https://esahkari.bihar.gov.in)) पर प्रारंभ किया गया था। निबंधन की मूल अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित थी। हालांकि, इस तिथि तक पोर्टल पर मात्र 450 चावल मिलरों का निबंधन हो सका है।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष कुल 868 चावल मिलों का निबंधन कराया गया था।
धान अधिप्राप्ति की प्रस्तावित तिथि को ध्यान में रखते हुए विभाग ने निबंधन की अवधि विस्तारित करने का निर्णय लिया है, ताकि अधिक से अधिक चावल मिलरों का निबंधन समय पर पूरा हो सके और अधिप्राप्त धान की मिलिंग में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
विभाग ने सभी जिला पदाधिकारियों से इस कार्य को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर निबंधन प्रक्रिया पूर्ण कराने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी