सुपौल के ईंगवा गांव में जमीन विवाद में दो पक्षों में झड़प, फायरिंग का आरोप
सुपौल, 14 जुलाई (हि.स.)। जिले के मरौना थाना क्षेत्र अंतर्गत ईंगवा गांव में सोमवार शाम जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर झड़प हो गई।
घटना के दौरान अवैध हथियार से फायरिंग किए जाने का आरोप भी सामने आया है। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।स्थानीय लोगों के अनुसार, जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार को विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान गोली चलने की भी चर्चा है, जिससे गांव में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक हाथ में हथियार लेकर लोगों के बीच घूमता और डराने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।घटना की सूचना मिलते ही मरौना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन मौके से फायरिंग के कोई ठोस साक्ष्य बरामद नहीं होने की बात कही है। इसके बावजूद वायरल वीडियो और प्राप्त शिकायतों के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
मरौना थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में आरोपितों के विरुद्ध कांड संख्या 101/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र