जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, आठ लोग घायल
सीवान, 13 जुलाई (हि.स.)। सीवान जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर नंद गांव में सोमवार की दोपहर जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी झड़प हो गई। मारपीट में दोनों पक्षों के कुल आठ लोग घायल हो गए, जिनमें छह की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बसंतपुर पहुंचाया।
इसी दौरान थानाध्यक्ष राजू कुमार भी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायलों से घटना की जानकारी ली।
चिकित्सकों के अनुसार मारपीट में मुकुंद कुमार, दीपक कुमार, अंगद यादव, बिंदा देवी, संजय यादव तथा महेश कुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति चिंताजनक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं चंदा देवी और बद्दी राय का इलाज बसंतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था। रविवार को भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मामूली मारपीट हुई थी। सोमवार को विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
बसंतपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma